बड़कागांव। एनटीपीसी की सहयोगी कंपनी त्रिवेणी सैनिक के खिलाफ रोजगार की मांग को लेकर विस्थापित एवं प्रभावित ग्रामीणों ने सिकरी ओपी के सामने और चमगड़ा मार्ग पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान वाहनों का आवागमन ठप रहा।
ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन खनन प्रभावितों को केवल झूठे आश्वासन दे रहा है, जबकि धरातल पर रोजगार नहीं मिल रहा है। जमीन छिनने के बाद आजीविका संकट में पड़ी विस्थापितों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ठोस पहल नहीं हुई, तो वे पुनः उग्र आंदोलन करेंगे।
सूचना पर पहुंची सिकरी ओपी पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और शांत करवाकर आवागमन सुचारू रूप से चालू कराया। ग्रामीणों ने प्रशासन और कंपनी से स्पष्ट मांग की है कि उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि रोजगार का वास्तविक लाभ मिलना चाहिए।
