​रांची। मांडर थाना क्षेत्र के टिको टोली स्थित डेयरी के समीप दूध कारोबारी रामू उरांव (55) की गोली मारकर की गई हत्या का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से तीन को 30 अक्टूबर को और शेष दो को रविवार को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से दबोचा गया।

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ग्रामीण एसपी के निर्देशन और खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों की मदद से आरोपियों का सुराग लगाया।

​पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राम जनम सिंह, तेज नारायण सिंह, धुरवा सिंह, कुलदीप सिंह और राजेंद्र सिंह उर्फ विपीन सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि रामू उरांव के साथ उनका पिछले 10 वर्षों से जमीन का विवाद चल रहा था, इसी रंजिश के तहत हत्या की पूरी साजिश रची गई थी।

​सभी गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।