खूंटी। अड़की थाना क्षेत्र से बाइक पर सवार होकर मुरहू स्थित नील फैक्ट्री के पास अफीम बेचने जा रहे तीन युवकों में से एक को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से 998 ग्राम अवैध अफीम और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही यामाहा बाइक जब्त की है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, दो अन्य आरोपी घने जंगल और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

सोमवार को पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी ऋषभ गर्ग ने पूरे मामले की जानकारी दी।

एसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अड़की की ओर से एक बाइक पर सवार होकर तीन संदिग्ध मुरहू की नील फैक्ट्री की तरफ अफीम लेकर जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

टीम ने चालम बरटोली पक्की सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान चालम बरटोली की तरफ से आ रही एक बाइक पर तीन लोग नजर आए। पुलिस को सामने देख तीनों ने भागने की कोशिश की। सशस्त्र बलों के सहयोग से पुलिस ने खदेड़ कर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर दो अन्य तस्कर भाग निकले।

पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान अड़की थाना क्षेत्र के मदहातु गांव निवासी 32 वर्षीय लादु मुंडा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से पारदर्शी प्लास्टिक में रखी 998 ग्राम अफीम बरामद की गई।

इस संबंध में एनडीपीएस थाना कांड संख्या 18/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17 (बी), 25 और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी ऋषभ गर्ग ने चेतावनी दी कि आगामी अफीम खेती के सीजन को देखते हुए पुलिस ने कमर कस ली है। तस्करों और अवैध खेती पर लगाम लगाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है। जिसके तहतअवैध पोस्ता/अफीम की खेती वाले इलाकों पर ड्रोन के जरिए नजर रखी जाएगी।पुलिस मुख्यालय से अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मांग की गई है।ग्रामीणों के साथ जनसंवाद और जागरूकता अभियान चलाकर कृषि विभाग के माध्यम से वैकल्पिक फसलों के बीज वितरित किए जाएंगे।पुराने अफीम तस्करी के मामलों में संलिप्त अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।