​बोकारो/चंदनकियारी। बोकारो जिले के सियालजोरी स्थित वेदांता ईएसएल स्टील लिमिटेड के प्लांट परिसर में रविवार सुबह एक गंभीर हादसा हो गया। प्रथम पाली के दौरान संदिग्ध गैस की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में हजारीबाग निवासी शिफ्ट इंचार्ज सोहन महतो (40 वर्ष) और धनबाद निवासी इंजीनियर समीर अंसारी (30 वर्ष) शामिल हैं। इस घटना के बाद प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों व मजदूरों के बीच आक्रोश एवं दहशत का माहौल है।

​मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे प्रथम पाली के कामकाज के दौरान हुई। दोनों कर्मियों को तुरंत प्राथमिक जांच के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

​हादसे के बाद फैक्ट्री इंस्पेक्टर शिवानंद लागुरी ने कंपनी प्रबंधन को निर्देश जारी कर प्रभावित क्षेत्र की घेराबंदी करने और उसे असुरक्षित घोषित करने को कहा है। फिलहाल गैस के प्रकार की पहचान नहीं हो सकी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक गैस की सांद्रता (concentration) सुरक्षित पीपीएम स्तर तक नहीं आती, तब तक उस क्षेत्र में किसी के भी जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।

​बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास एसडीएम को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। वहीं बोकारो एसपी नाथू सिंह मीणा को पूरे मामले पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी दी गई है। उपायुक्त ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि क्या सुरक्षा मानकों में कोई चूक हुई थी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ईएसएल स्टील लिमिटेड प्रबंधन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। कंपनी प्रवक्ता ने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही प्रबंधन ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए स्वतंत्र जांच कराने की घोषणा की है।

​इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक और कंपनी की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।