बरही। युवा आजसू के तत्वावधान में आयोजित 'बरही सुपर लीग' फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को बेलाही और पुरहरा के बीच खेला गया। रोमांचक खिताबी भिड़ंत में बेलाही ने पुरहरा को 2-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।

विजेता बेलाही की टीम को 51 हजार रुपये और उपविजेता पुरहरा को 31 हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया। फाइनल से पूर्व ढाब और डोमचाँच की महिला टीमों के बीच एक प्रदर्शनी मैच भी आयोजित हुआ।

पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो मौजूद थे। विशिष्ट अतिथियों में मांडू विधायक तिवारी महतो और पार्टी के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता शामिल रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलता है और युवाओं में अनुशासन व भाईचारे की भावना मजबूत होती है।

टूर्नामेंट को सफल बनाने में विकास सिंह, परमेश्वर यादव, साहबुद्दीन, सचिन, गौतम, दीपेश, उमेश और रिंकू सहित युवा आजसू की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शकों ने मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।