रांची। हर साल विजयादशमी के पावन अवसर पर होने वाले रावण दहन की तैयारियां भी राजधानी रांची में जोरों पर हैं। महानगर पूजा आयोजन समिति के अनुसार, मंगलवार (20 अक्टूबर) को रावण, मेघनाद और कंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। 21 अक्टूबर को माता की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जायेगा।

इस बार राजधानी में प्रमुख रूप से मोराबादी, हटिया, अरगोड़ा और टाटीसिल्वे में रावण दहन के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वैसे राजधानी के आसपास के क्षेत्रों ओरमांझी (लाल बहादुर शास्त्री क्लब दुर्गा पूजा समिति व पूजा समिति ओरमांझी), बारीडीह, कुच्चू, चुटुपालू (सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति) तथा पांचा में भी रावण दहन के कार्यक्रम आयोजित होंगे। पंजाबी हिंदू बिरादरी की ओर से ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में सबसे भव्य रावण दहन का आयोजन होगा। करीब 70 फीट ऊंचे रावण के अलावे 65 फीट के कुंभकर्ण और 60 फीट के मेघनाथ के भी पुतले जलाये जायेंगे। दो मंजिला सोने की लंका, राम दरबार की जीवंत झांकी और लेजर शो का आकर्षण भी देखने को मिलेगा। शालीमार बाजार, एचईसी में आयोजित होनेवाले रावण दहन समारोह कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक आलोक दुबे के अनुसार रावण दहन समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 60 फीट के रावण और 55 फीट के कुंभकर्ण का दहन किया जायेगा। इसमें मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की विधायक राजेश कच्छप भी उपस्थित रहेंगे। टाटी सिल्वे मैदान में 1995 से रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होता आया है। इस बार 50 फीट के रावण के पुतले का दहन होगा।