देवघर। संताल परगना का सबसे महंगा और भव्य पूजा पंडाल इस बार देवघर के अपर बिलासी में बनाया गया है। बिलासी पूजा समिति द्वारा तैयार यह पंडाल दक्षिण भारत के प्रसिद्ध 'प्रेम मंदिर' की तर्ज पर बनाया गया है, जो कला और भव्यता का एक अनूठा संगम है।
समिति के मुख्य संरक्षक डॉ. सुनील खवाड़े ने बताया कि इस आकर्षक पंडाल की कुल लागत लगभग 1.75 करोड़ है। पिछले साल डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से पंडाल बनाया गया था, लेकिन इस बार उससे भी अधिक भव्यता दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार यह पंडाल न सिर्फ संताल परगना, बल्कि पूरे झारखंड में सबसे बेहतरीन रहेगा।
इस भव्य पंडाल और मां दुर्गा की प्रतिमा का निर्माण देवघर के ही स्थानीय कलाकारों द्वारा महज 25 दिनों में किया गया है, जो अपने आप में एक मिसाल है। खास बात यह है कि निर्माण के दौरान पर्यावरण संरक्षण का पूरा ख्याल रखा गया है और केवल ऐसी सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया है जिससे प्रकृति को कोई नुकसान न पहुंचे।
बिलासी पूजा समिति की ओर से साल 1972 से लगातार नगरवासियों के कल्याण के लिए मां दुर्गा की पूजा धूमधाम से की जा रही है। इस बार के आयोजन को सफल बनाने में रामेश्वर चक्रवर्ती, काली नाथ खवाड़े, आजाद पाठक, सुरेशानंद झा, शेषनाथ झा, आशीष झा, कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार उर्फ टोनी, समीर खवाड़े, बॉबी द्वारी, गौरव, संतोष अग्रवाल, सोनू, अमित जजवाड़े, उत्तम चक्रवर्ती, वाबन चक्रवर्ती, रविंद्र धारी, गोपा पाठक, रंजू देवी, चंदना झा, नीतू देवी, प्रकाश भारद्वाज, मनोज पांडेय, दीपक दुबे, टिंकू खवाड़े, उमेश मिश्रा, सुनैना खवाड़े, रंजू झा और किंजल समेत कई लोग पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।
