रांची। कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना के बाद झारखंड पुलिस ने राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी और एसएसपी को निर्देश दिया है कि वे पूजा पंडालों की सुरक्षा का दोबारा ऑडिट करवाएं। इस समीक्षा के दौरान सुरक्षा मानकों, भीड़ नियंत्रण के उपायों और आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों की जांच कर कमियों को तुरंत दूर करने पर जोर दिया जाएगा।
पुलिस यह जांच करेगी कि पूजा समितियों ने तय किए गए सुरक्षा नियमों का पूरी तरह पालन किया है या नहीं। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील पंडालों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
दुर्गा पूजा शुरू होने से पहले ही सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी पंडालों के सत्यापन और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भौतिक निरीक्षण के निर्देश दिए गए थे। संवेदनशील पंडालों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त बल तैनात किया जा रहा है।
भीड़भाड़ वाले पंडालों में सीसीटीवी कैमरों से लगातार नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जाएगी ताकि भीड़ की स्थिति का सटीक आकलन कर पुलिस बलों की सही तैनाती की जा सके। पुलिस और प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि पंडालों में पर्याप्त रोशनी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम (सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली) और आपातकालीन निकास की पुख्ता व्यवस्था हो।
