​रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के अवसर पर झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ की ओर से विधानसभा के समक्ष कुटे मैदान में दो दिवसीय राज्यस्तरीय धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया है। हड़ताल के पहले दिन बड़ी संख्या में रसोइया दीदियां धरने में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ की राज्य सचिव गीता मंडल ने की, जबकि संचालन कॉमरेड भुंडा बास्की ने किया।

​धरने को संबोधित करते हुए ऑल इंडिया मिड डे मील वर्कर्स की राष्ट्रीय अध्यक्ष कॉमरेड सरोज चौबे ने मध्याह्न भोजन योजना को एनजीओ के हाथों में सौंपने के फैसले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं से रोजगार छीनकर कॉर्पोरेट घरानों या एनजीओ को काम सौंपना दुर्भाग्यपूर्ण है। रसोइया दीदियां वर्षों से स्कूलों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने का अहम काम कर रही हैं, लेकिन उनके श्रम और अधिकारों की लगातार अनदेखी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में मानदेय में बढ़ोतरी नहीं की गई, जो श्रम विरोधी नीति को दर्शाती है।

​प्रदर्शन के दौरान रसोइया दीदियों ने 11 सूत्रीय मांगपत्र मुख्यमंत्री के नाम नियुक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। मांगपत्र में रसोइया दीदियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। दर्जा मिलने तक कम से कम 42 हजार रुपये प्रतिमाह न्यूनतम मजदूरी और तत्काल सम्मानजनक मानदेय के रूप में 10 हजार रुपये प्रतिमाह भुगतान सुनिश्चित करने,​मध्याह्न भोजन योजना को एनजीओ के हवाले करने पर रोक लगाने, नियुक्ति नियमावली बनाई जाए तथा प्रत्येक 25 बच्चों पर एक रसोइया का चयन करने,जीवन बीमा व स्वास्थ्य बीमा की गारंटी और दो सेट सूती साड़ी (साया-ब्लाउज सहित) के लिए सालाना 2,000 रुपये,60 वर्ष की आयु पूरी होने पर काम से हटाने पर रोक लगे और सक्षम रसोइया दीदियों को कार्यरत रहने देने और विशेष अवकाश व मातृत्व अवकाश के प्रावधान मांग शामिल है।

​धरने में झारखंड राज्य विद्यालय रसोइया संघ की राज्य महासचिव गीता मंडल, ऐक्टू के राज्य महासचिव शुभेंदु सेन, सुषमा मेहता, दिला देवी, देवकी देवी, सावित्री टुडू, लीलावती देवी और संगठन के संरक्षक रवींद्र भुईयां सहित बड़ी संख्या में रसोइया दीदियां मौजूद रहीं।

​प्रदर्शनकारियों ने मांगों के पूरा होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। बताया गया कि रसोइया दीदियां 26 नवंबर तक धरनास्थल पर डटी रहेंगी, जबकि राज्य भर में चार दिनों तक हड़ताल जारी रहेगी। संघ ने प्रधानाध्यापकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर से टिफिन लाने की सूचना दे दें।