जमशेदपुर। सड़क और सर्विस लेन पर कब्जा कर कारोबार व निर्माण करने वालों के खिलाफ बुधवार को आदित्यपुर में नगर निगम और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। आशियाना मोड़ समेत आसपास के इलाकों में जेसीबी की मदद से सड़क किनारे बने अवैध सीमेंट के चबूतरों तथा अन्य स्थायी-अस्थायी निर्माणों को ध्वस्त कर रास्ता खाली कराया गया।

अभियान की शुरुआत इमली चौक सर्विस लेन से हुई। इसके बाद प्रशासनिक टीम पान दुकान चौक, आकाशवाणी चौक और शेरे पंजाब चौक होते हुए आशियाना मोड़ तक पहुंची। इस दौरान यातायात में बाधा बन रहे अवैध कब्जों को हटाया गया, जिससे इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आदित्यपुर थाना प्रभारी, ट्रैफिक थाना प्रभारी, गम्हरिया अंचल निरीक्षक और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे। अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा सड़क या सर्विस लेन पर अतिक्रमण किया गया, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी ओर, आशियाना ट्रेड सेंटर के समीप जमीन खाली करने के नोटिस और तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर स्थानीय दुकानदारों में खासा आक्रोश देखा गया। दुकानदारों ने अपनी आजीविका छिनने की चिंता जताते हुए अभियान का विरोध किया। हालांकि, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।