हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर थाना हजारीबाग के पुलिस पदाधिकारियों द्वारा सीआईएसएफ यूनिट, बड़कागांव में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीआईएसएफ के अधिकारियों एवं जवानों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान साइबर पुलिस पदाधिकारियों ने साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, डीपफेक सहित विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों एवं जवानों को बताया गया कि साइबर अपराधी किस तरह अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। साथ ही ऐसे अपराधों से बचने के लिए सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर तत्काल प्रतिक्रिया नहीं देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में CEIR पोर्टल के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी गई। चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक कराने तथा उसे ट्रेस कराने की प्रक्रिया समझाई गई। पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में CEIR पोर्टल के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
साइबर जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित जवानों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों से भी अपील की कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन को दें।
