मेदिनीनगर। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत जिला स्कूल में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता फैलाने के लिए रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। पाँच समूहों में बंटे बच्चों ने हेलमेट, सीट बेल्ट, सड़क सुरक्षा चिन्ह, ओवरस्पीड, नशे में वाहन न चलाने और मोबाइल का उपयोग न करने जैसे विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाईं। प्रतियोगिता में ग्रुप बी ने प्रथम, ग्रुप ए ने द्वितीय और ग्रुप ई ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जिन्हें पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक, प्रधानाचार्य और वरधान चेरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्हें हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने, गति सीमा व नशे से बचने, 18 वर्ष से कम उम्र में वाहन न चलाने तथा घायलों की मदद करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही 'गुड समेरिटन' प्रोत्साहन योजना और 'हिट एंड रन' मुआवजे के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम में जिला परिवहन व सड़क सुरक्षा कर्मी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
