रांची। वित्त रहित शिक्षा संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान महाधरना दिया। इसमें राज्य भर के इंटरमीडिएट, उच्च, संस्कृत और मदरसा विद्यालयों के हजारों शिक्षक शामिल हुए।
मोर्चा के वक्ताओं ने कहा कि डिग्री कॉलेजों को सत्र 2023-24 से ही 75 प्रतिशत बढ़ी हुई अनुदान राशि मिल रही है, लेकिन स्कूल और इंटर कॉलेज इससे वंचित हैं। वित्त विभाग द्वारा 56 करोड़ रुपये के प्रावधान और विधि विभाग की सहमति के बावजूद संचिका को कैबिनेट में नहीं रखा जा रहा है। साथ ही, बजट सत्र में किए गए आश्वासन के बाद भी छात्राओं को बालिका समृद्धि योजना से नहीं जोड़ा गया है, जिससे शिक्षकों में भारी आक्रोश है।
महाधरना स्थल पर पहुंचे मांडू विधायक निर्मल महतो ने शिक्षकों को समर्थन देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर इस मुद्दे पर मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी शीतकालीन सत्र में विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरेगा और सदन में चर्चा होने तक कार्यवाही नहीं चलने दी जाएगी।
मोर्चा की प्रमुख मांगें:
- अनुदान राशि में 75 प्रतिशत की वृद्धि।
- शिक्षकों को राज्यकर्मी का दर्जा।
- अनुदानित संस्थानों की छात्राओं को सावित्रीबाई फुले बालिका समृद्धि योजना का लाभ।
- जैक के वित्त पदाधिकारी और अकादमिक ऑफिसर को तत्काल हटाना।
- बिहार से स्थापना अनुमति प्राप्त 158 उच्च विद्यालयों को पूर्व की तरह नियमित अनुदान।
