नई दिल्ली/रांची। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ)-2026 के अंतिम दिनों में भी झारखंड पवेलियन आगंतुकों के बीच खासा लोकप्रिय बना हुआ है। पवेलियन में झारखंड माटी कला बोर्ड द्वारा आयोजित मिट्टी के बर्तन बनाने का लाइव डेमो दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र है। चाक पर मिट्टी को आकार देकर पारंपरिक तकनीक से सुंदर कलाकृतियां गढ़ते कारीगरों का हुनर लोगों को अपनी ओर खींच रहा है।
सांस्कृतिक विरासत और आजीविका है माटी कला
इस अवसर पर हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प विभाग की निदेशक प्रीति रानी ने भी लाइव डेमो में हिस्सा लिया और स्वयं चाक पर मिट्टी को आकार देकर इस पारंपरिक कला का अनुभव किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की मिट्टी में यहां की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय कारीगरों की रचनात्मकता की अनूठी पहचान बसती है। माटी कला केवल एक शिल्प नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। लाइव डेमो जैसे प्रयासों से आम लोगों को स्थानीय कलाकारों की मेहनत और कौशल को करीब से समझने का मौका मिलता है।
उत्पादों पर मिल रही 20 से 30 प्रतिशत तक की विशेष छूट
मेले के समापन के करीब पहुंचने के साथ ही झारखंड पवेलियन के विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी को बढ़ावा देने के लिए आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं। कई स्टॉलों पर चयनित उत्पादों की खरीद पर 20 से 30 प्रतिशत तक की विशेष छूट उपलब्ध है। इसका लाभ उठाकर आगंतुक झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और कलात्मक वस्तुओं की किफायती दरों पर खरीदारी कर रहे हैं। कला, संस्कृति और पारंपरिक हुनर का यह अनूठा संगम मेले के आखिरी चरण में भी दर्शकों को बांधे हुए है।
