​रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर ने झारखंड स्थापना दिवस समारोह की तिथि में बदलाव किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे राज्य के वीर शहीदों और गौरवशाली अस्मिता का अपमान बताया है।

​उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठी सरकार अपनी प्रशासनिक विफलताओं और वादाखिलाफी को छिपाने के लिए स्थापना दिवस की मूल भावना के साथ छेड़छाड़ कर रही है। श्री प्रभाकर ने कहा कि 15 नवंबर केवल एक तारीख नहीं, बल्कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड के लिए दिए गए लंबे संघर्ष व शहादत का प्रतीक है।

​झारखंड आंदोलन के इतिहास को याद करते हुए उन्होंने कहा कि यदि 1993 में झामुमो कांग्रेस सरकार को बचाने के लिए सौदेबाजी नहीं करता, तो अलग राज्य उसी समय बन जाता। आजसू के उग्र संघर्ष, आर्थिक नाकेबंदी, चक्का जाम और छात्र-युवाओं के ऐतिहासिक बलिदान के कारण ही अलग झारखंड राज्य का सपना 15 नवंबर 2000 को साकार हुआ। उन्होंने दो टूक कहा कि झारखंड के इतिहास और जनभावनाओं के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।