​रांची। किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ पर संयुक्त किसान मोर्चा (झारखंड) के तत्वावधान में गुरुवार को राजधानी रांची में जोरदार प्रदर्शन किया गया। देशव्यापी आह्वान के तहत किसानों ने शहीद चौक से राजभवन तक मार्च निकाला और राजभवन के समक्ष 'किसान महापड़ाव' का आयोजन किया। इस दौरान राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बी.एन. सिंह और सुफल महतो ने संयुक्त रूप से की।

महापड़ाव को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के नेता सह झारखंड राज्य किसान सभा के महासचिव सुफल महतो ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान मोदी सरकार द्वारा किया गया लिखित समझौता छह साल बाद भी लागू नहीं होना अन्नदाता किसानों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात है। उन्होंने चिंता जताई कि एमएसपी की कानूनी गारंटी न मिलने के कारण देश में अब तक साढ़े चार लाख किसान आत्महत्या कर चुके हैं।

​महतो ने झारखंड की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राज्य में 40 प्रतिशत खनिज संपदा होने के बावजूद गरीबी, बेरोजगारी, पलायन, विस्थापन और जंगली हाथियों का आतंक चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में धान का घोषित समर्थन मूल्य 25 रुपये 50 पैसे प्रति किलो होने के बावजूद किसान 17 से 19 रुपये प्रति किलो की दर से यानी लगभग 7.50 रुपये प्रति किलो के घाटे में धान बेचने को मजबूर हैं। इसके अलावा, शहीद नीलांबर-पीतांबर की जन्मस्थली चेमो-सनैया को बचाने की लड़ाई 99 वर्षों से जारी है।

सभा को संबोधित करते हुए किसान महासभा के नेता सह पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के खान-खनिज और जंगल को कॉर्पोरेट घरानों को सौंपने पर आमादा है। क्रांतिकारी किसान मजदूर संगठन के राज्य अध्यक्ष बिमल दास ने 13 माह चले ऐतिहासिक किसान आंदोलन को याद करते हुए कहा कि किसानों की एकजुटता के आगे ही सरकार को तीन कृषि कानून रद्द करने पड़े थे।

​अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य महासचिव पुष्कर महतो ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि हेमंत सोरेन सरकार राज्य हित में काम करे, अन्यथा बिरसा मुंडा के रास्ते संघर्ष तेज किया जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता दयामनी बारला ने लोकतंत्र की रक्षा पर जोर दिया, जबकि किसान महासभा के नेता पूरन महतो ने कहा कि संघर्ष के बल पर ही जल, जंगल और जमीन की रक्षा संभव है।

महापड़ाव के दौरान वक्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारी एमएसपी की कानूनी गारंटी देने, भूमि बैंक रद्द करने, विस्थापन आयोग का गठन करने, कृषि भूमि के अधिग्रहण पर रोक लगाने तथा महंगाई, बेरोजगारी और निजीकरण को बंद करने की मांग कर रहे थे। इस दौरान "खेत हमारा, फसल हमारा, दाम तुम्हारा नहीं चलेगा" जैसे नारों से राजभवन क्षेत्र गूंजता रहा।

कार्यक्रम को कुमुद महतो, असीम सरकार, बी.एन. सिंह, के.डी. सिंह, अशोक पाल, दिवाकर महतो, विश्वनाथ बनर्जी, प्रफुल्ल लिंडा, रामलाल महतो, विदेशी महतो, मधुवा कच्छप, मिटू पासवान, छात्र नेता संजना मेहता, मो. फराज, एतेशाम, वीणा लिंडा, रंगोवती देवी, वीरेंद्र कुमार, त्रिलोक, जूलियस, कन्हाई, रिया, हारित, प्रभु साव, पंचानन महतो और कथन लकड़ा समेत कई किसान नेताओं व कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।