रांची: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, राँची एवं स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026–27 के अंतर्गत अंडर-19 बालक एवं बालिका ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को खेलगाँव स्थित गणपत राय इंडोर स्टेडियम, राँची में भव्य समारोह के बीच हुआ। सांसद डॉ. महुआ माजी ने समारोह का शुभारंभ किया। मौके पर उन्होंने कहा कि 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत आठ खेलों की मेजबानी करना झारखंड के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) स्कूली खिलाड़ियों के खेल भविष्य की मजबूत नींव और ऐसा सशक्त मंच है, जहाँ से खिलाड़ी विद्यालय स्तर से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाते हैं तथा अपने खेल करियर की शुरुआत करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन्हीं खिलाड़ियों में से कई भविष्य में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर तिरंगे की शान बढ़ाएँगे। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी एवं आयोजन सचिव, एसजीएफआई झारखंड धीरसेन ए. सोरेंग कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान और परीक्षा तक सीमित नहीं है। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इसी सोच के साथ झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् का निरंतर प्रयास है कि राज्य के विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्टता हासिल करें तथा राज्य और देश का नाम रोशन करें। इस अवसर पर प्रभात कुमार शर्मा (महासचिव, ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया), संजय कुमार शर्मा, (महासचिव, झारखंड ताइक्वांडो संघ), मिथिलेश कुमार (झारखंड ताइक्वांडो संघ) एवं एसजीएफआई की फील्ड ऑफिसर मुक्ता बब्बर सहित खेल एवं शिक्षा जगत के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। गौरतलब है कि 26 से 30 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 39 राज्यों एवं खेल इकाइयों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
आज खास
ब्रेकिंग
