​जमशेदपुर। कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम में स्वास्थ्य व्यवस्था और शवों की सुरक्षा को लेकर एक बेहद शर्मनाक और संवेदनहीन मामला सामने आया है। अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखे गए 18 वर्षीय युवक के शव की दोनों आंखें और नाक चूहों ने कुतर दी। गुरुवार सुबह जब परिजन शव लेने पहुंचे, तो यह भयावह मंजर देखकर उनके होश उड़ गए और आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।

मिली जानकारी के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित बलाइडीह निवासी 18 वर्षीय राजू प्रमाणिक ने बुधवार सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक के दोस्त राहुल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। एमजीएम पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद राजू को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया था।

गुरुवार सुबह जब परिजन पोस्टमार्टम के लिए शवगृह पहुंचे, तो शव की क्षत-विक्षत हालत देखकर स्तब्ध रह गए। मृतक के परिजन सूरज प्रमाणिक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब शव को अस्पताल में रखवाया गया था, तब उसकी आंखें और चेहरा पूरी तरह सुरक्षित थे, लेकिन रात भर में चूहों ने उसकी दोनों आंखें और नाक कुतर दी।

शव की इस दुर्गति से भड़के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पाकर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. नारायण उरांव मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत कराया। गौरतलब है कि 376 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बने इस आधुनिक अस्पताल के शवगृह में हुई इस लापरवाही ने अस्पताल की निगरानी और रखरखाव व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।

​