हजारीबाग। संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में पूर्व में न्यायालय से जमानत पर रिहा हुए अभियुक्तों की गतिविधियों पर हजारीबाग पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देशन में 24 और 25 नवंबर को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर ऐसे अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन किया गया।

अभियान के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 44 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में 179 पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को शामिल किया गया। टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंचकर कुल 107 अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर 18 अभियुक्तों को थाना लाकर पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया।

पुलिस का उद्देश्य जमानत पर बाहर आए संगठित अपराध एवं आर्म्स एक्ट से जुड़े अभियुक्तों की वर्तमान गतिविधियों पर नजर रखना तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि में उनकी संलिप्तता पाए जाने पर तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई करना है।

हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि उनके आसपास यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध या आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दें। सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा उसका सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।