हजारीबाग। उपायुक्त हजारीबाग के निर्देश एवं सहायक आयुक्त उत्पाद के पर्यवेक्षण में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। 25 नवंबर को सदर अंचल के कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित आनंदपुरी में अशोक साव के मकान पर छापेमारी कर 342 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।

छापेमारी के दौरान विभिन्न महंगे ब्रांड की शराब की 38 पेटियों में कुल 456 बोतलें जब्त की गईं। इनमें 100 पाइपर्स, 100 पाइपर्स 12 ईयर, ब्लैक डॉग, ब्लैक डॉग गोल्ड, टीचर्स हाईलैंड, VAT-69 और ब्लेंडर्स प्राइड शामिल हैं। जब्त शराब पर “For sale to defence personnel only” अंकित था।

कार्रवाई के दौरान मौके से चार लोगों को उत्पाद कार्यालय लाया गया। जांच और सत्यापन के बाद मुख्य अभियुक्त राहुल कुमार, पिता गणेश काण्दु, निवासी पदमा ओपी, को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बताया गया कि राहुल कुमार हजारीबाग के एनसीसी कैंटीन में निजी लिपिक के रूप में कार्यरत था।

वहीं, पकड़े गए अन्य तीन लोगों के सत्यापन और पूछताछ में उनके विद्यार्थी होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तीनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

उत्पाद विभाग ने मौके से शराब के अलावा कैंटीन कार्ड, एटीएम कार्ड, कैंटीन बिल, मोबाइल फोन और नकद राशि सहित अन्य आवश्यक सामग्री भी जब्त की है। मामले की जांच जारी है और शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।