रांची। झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और राज्य सरकार के द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का गुरुवार को भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव का उद्घाटन राज्य सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडे सिंह और संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया।

उद्घाटन के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में झारखण्ड की समृद्ध जनजातीय व शास्त्रीय कला परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। इस दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा। बांसुरी वादन कुश कुमार करुवा (रांची), जनजातीय नृत्यों का समायोजन मुण्डारी, नागपुरी, उरांव एवं संथाली नृत्य के रूप में, शास्त्रीय नृत्य युगलबंदी (कथक, भरतनाट्यम एवं ओडिसी): सुमेधासेन गुप्ता, शीतल कुमार उरांव एवं सुश्री प्रमिला कुमारी के द्वारा प्रस्तुत किया गया।सरायकेला छउ नृत्य गुरु तपन कुमार पटनायक ने की।

आधुनिक नागपुरी नृत्य वर्षा लकड़ा के दल और आधुनिक नागपुरी गायन एवं वादन महिला बैंड द सजनी ग्रुप ने किया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों के कुल लगभग 160 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा विभाग तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों और उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।

इस अवसर पर राज्य सरकार के अनेकों वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार यह तीन दिवसीय महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने, जनजातीय कला को बढ़ावा देने और सरकार की विकास यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। आगामी दिनों में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रदर्शनियों और अन्य गतिविधियों का सिलसिला जारी रहेगा।