रांची।झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत पूरे प्रदेश में विकास, सामाजिक समावेशन, आजीविका संवर्धन और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। गुरुवार को राज्य के विभिन्न जिलों में दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं समावेशी समाज दिवस, संविधान दिवस, स्वास्थ्य शिविर, गृह प्रवेश, कृषि जागरूकता, रोजगार और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। इन आयोजनों में महिलाओं, युवाओं, किसानों, बच्चों और दिव्यांगजनों की सक्रिय भागीदारी रही।
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पर जोर
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की पहल पर आयोजित दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं समावेशी समाज दिवस में कुल 2,16,400 लोगों ने भाग लिया। इस दौरान विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान और प्रारंभिक स्क्रीनिंग की गई। साथ ही यूडीआईडी एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाने में मदद, सहायक उपकरणों की उपलब्धता और अभिभावकों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए।
नए घरों में प्रवेश और सुरक्षित मातृत्व की पहल
आवास योजनाओं के तहत सरायकेला-खरसावां में 17 से 26 नवंबर के बीच 864 परिवारों ने नए आवासों में गृह प्रवेश किया, जिनमें 26 नवंबर को प्रवेश करने वाले 77 परिवार भी शामिल हैं। इसके अलावा गोड्डा में 17 और लातेहार में 13 परिवारों को नए घर मिले। वहीं सिमडेगा में दुर्गम ग्रामीण इलाकों की 143 प्रशिक्षित पारंपरिक दाइयों को विशेष प्रसव किट दी गई, ताकि आपात स्थिति में प्राथमिक मदद मिल सके और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिले।
संस्कृति और स्थानीय पहचान को मिलेगा बढ़ावा
बोकारो में आयोजित होने वाली प्रदर्शनी में जिले की पारंपरिक काष्ठ कला, संताल समुदाय के आस्था स्थल लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ और भेंडरा मेटल क्लस्टर को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे स्थानीय सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को भी बल मिलेगा।
रोजगार, कृषि और पशुपालन से जुड़ी गतिविधियां
पाकुड़ में आयोजित भर्ती कैंप में 261 रिक्तियों के विरुद्ध 19 अभ्यर्थियों का चयन किया गया और 22 को शॉर्टलिस्ट किया गया। चतरा में किसानों को उन्नत चना बीज किट बांटे गए तथा खेत बचाओ अभियान और रोजगार सृजन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। दुमका में 20 महिला समूह सदस्यों को सरसों के बीज दिए गए, जबकि लोहरदगा में 190 पशुपालकों को पशु चिकित्सा और जागरूकता गतिविधियों से जोड़ा गया।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता
विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े अभियान भी चलाए गए। गोड्डा में सफाई मित्रों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें सम्मानित किया गया। लोहरदगा में रक्तदान शिविर में 17 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ और 437 विद्यार्थियों को बाल संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। पाकुड़ में 100 टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान की गई, वहीं सरायकेला-खरसावां में स्वास्थ्य शिविर लगाकर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं और स्वच्छता व नशामुक्ति को लेकर अभियान चलाया गया।
संविधान दिवस और नशामुक्ति का संदेश
संविधान दिवस के अवसर पर गोड्डा और लातेहार सहित कई जिलों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन और शपथ ग्रहण हुआ। वहीं चतरा में नुक्कड़ नाटक के जरिए नशामुक्ति और अफीम के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
