कसमार। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने कसमार प्रखंड क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी बीच मंजूरा पंचायत में बारिश के कारण एक गरीब परिवार का कच्चा खपरैल मकान धराशायी हो गया। पंचायत सचिवालय भवन से सटे इस जर्जर मकान में रह रहे पिंटू करमाली का सात सदस्यीय परिवार देखते ही देखते बेघर हो गया।

बताया गया कि पिंटू करमाली अपनी पत्नी और पांच बेटियों के साथ इसी कच्चे खपरैल मकान में लंबे समय से किसी तरह गुजर-बसर कर रहे थे। लगातार बारिश के कारण मकान की मिट्टी की दीवारें और खपरैल कमजोर हो गई थीं। शनिवार को बारिश के बीच अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए। इस कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय मुखिया ममता देवी को इसकी सूचना दी गई है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल पीड़ित परिवार के लिए अस्थायी आश्रय, भोजन और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

मामले में कसमार की बीडीओ नम्रता जोशी ने कहा कि यदि परिवार के पास रहने के लिए कोई दूसरा घर नहीं है तो उसे तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने की व्यवस्था की जाएगी। जरूरत पड़ने पर परिवार को निकट के सरकारी सामुदायिक भवन, स्कूल भवन या सरकारी शेड में अस्थायी रूप से रखा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि यदि पिंटू करमाली का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल है, तो नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर उन्हें आवास का लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।