मेदिनीनगर। जनता शिवरात्रि महाविद्यालय का कुलपति डॉ दिनेश कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति, कक्षाओं के संचालन एवं महाविद्यालय में उपलब्ध अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय का पिछला गेट जर्जर स्थिति में पाया गया। इस पर कुलपति ने महाविद्यालय के बडा बाबू को निर्देश दिया कि उक्त गेट के निर्माण एवं मरम्मत के लिए जल्द से जल्द डीपीआर तैयार कर विश्वविद्यालय को प्रेषित करें। ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कुलपति ने महाविद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने तथा विद्यार्थियों के हित में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों को बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश भी दिया। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य अनुपस्थित रहे।

इस अवसर पर कुलपति के साथ विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. नफीस अहमद, छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डीएसडब्ल्यू डॉ. एस.के. पांडेय तथा प्रॉक्टर डॉ. मृत्युंजय कुमार उपस्थित रहे।