रांची/सोनाहातु। आजसू पार्टी के प्रखंड स्तरीय सम्मेलन अभियान के तहत रांची जिले के सोनाहातु स्थित माही बैंक्वेट हॉल में 'सोनाहातु पश्चिमी प्रखंड स्तरीय सम्मेलन' का आयोजन किया गया। सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं के समर्पण में निहित होती है और राजनीति की सार्थकता जनता के विश्वास में है। उन्होंने कहा कि संगठन तभी मजबूत हो सकता है जब कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित रहना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी आवाज बनना है। इसके लिए संगठन को गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा, नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाएं तथा जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें।
मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए सुदेश महतो ने आरोप लगाया कि सरकार ने लूट को आचरण और वसूली को व्यवस्था बना दिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड की संपदा लूटी जा रही है, जनता त्रस्त है और सत्ता में बैठे लोग मस्त हैं। जनसेवा और जनहित की राजनीति को वसूली की राजनीति में बदल दिया गया है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाना होगा। साथ ही क्षेत्र की जनसमस्याओं, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, किसानों, महिलाओं और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने पर जोर दिया।
सम्मेलन के दौरान क्षेत्र में संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। पार्टी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, संगठनात्मक विस्तार तथा आगामी राजनीतिक व सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।
सोनाहातु प्रखंड की नई कमेटी घोषित
संगठन को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए सोनाहातु प्रखंड की नई कमेटी का गठन किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची इस प्रकार है:
अध्यक्ष: विरेंद्र मुंडा
कार्यकारी अध्यक्ष: अधीन महतो, रूप कुमार साहू
उपाध्यक्ष: भजन सिंह मुंडा, कालीपद यादव, आमिन प्रामाणिक
प्रधान सचिव: विरेंद्र लोहरा
सह सचिव: उमेश कोइरी, जय प्रकाश स्वांशी, भगीरथ महतो, शक्ति महतो
संगठन सचिव: कृष्ण महतो, विपिन पॉल
प्रवक्ता: दुबराज प्रजापति, मनोज महतो
कोषाध्यक्ष: मिहिर महतो
सोशल मीडिया प्रभारी: दलेल महतो
अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष: शिवनाथ मछुआ
अनुसूचित जनजाति मोर्चा अध्यक्ष: जिवाधन मुंडा
अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष: बुद्धेश्वर कोइरी
सम्मेलन में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को पंचायत, गांव और बूथ स्तर तक सुदृढ़ करने तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय नेता, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
