रांची/पेटरवार। आजसू पार्टी बोकारो जिला कार्यसमिति की बैठक मंगलवार को पेटरवार स्थित वन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो मुख्य अतिथि और गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि किसी भी दल की असली ताकत समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। सांगठनिक पुनर्गठन से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और 20 दिसंबर को होने वाले चुनाव के जरिए सक्रिय व जनाधार वाले कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को समझकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का आह्वान किया। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी संगठनात्मक एकजुटता और अनुशासन पर जोर दिया।
सांगठनिक पुनर्गठन के तहत बोकारो जिले की सभी प्रखंड एवं नगर कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है और 20 दिसंबर को चुनाव कराने की घोषणा की गई है। साथ ही, चंद्रपुरा की उप प्रमुख श्रीमती रिंकी कुमारी को आजसू पार्टी की महिला जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सचिन महतो और संचालन जिला सचिव नरेंद्र महतो ने किया। इस दौरान जिला व प्रखंड स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
