बोकारो। सेल के बोकारो इस्पात संयंत्र में ठेका मजदूरों की छंटनी और कथित 'कट-मनी' वसूली के खिलाफ मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा है। मंगलवार को अपराह्न 1:00 बजे कोक-ओवन सुदर्शन कैंटीन में क्रान्तिकारी इस्पात मजदूर संघ (हिन्द मजदूर सभा) के तत्वावधान में ठेका मजदूरों की एक विशाल बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के महामंत्री सह एनजेसीएस सदस्य राजेंद्र सिंह ने प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश की महारत्न कंपनी कहे जाने वाले बोकारो इस्पात संयंत्र में ठेका मजदूरों का बड़े पैमाने पर शोषण हो रहा है। प्रबंधन 'छंटनी' के नाम पर हजारों अनुभवी और विस्थापित मजदूरों को काम से बाहर निकालने की साजिश रच रहा है।
श्री सिंह ने आरोप लगाया कि यह छंटनी मजदूरों की संख्या कम करने के लिए नहीं, बल्कि 'कट-मनी' वसूलने के लिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की शह पर ठेका कंपनियों के मालिक और दलाल मजदूरों से संपर्क कर रहे हैं। जो मजदूर कट-मनी दे रहा है, उसे काम पर रखा जा रहा है; जबकि 10 से 15 साल का अनुभव रखने वाले ईमानदार मजदूरों को बाहर का रास्ता दिखाया जा रहा है। प्लांट में एक तरफ मैनपावर की भारी कमी है और रिकॉर्ड उत्पादन हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ काम कर रहे लगभग 80 प्रतिशत विस्थापित मजदूरों को हटाने की साजिश रची जा रही है।
उन्होंने कहा कि मजदूरों की संख्या घटाने से बचे हुए कर्मियों पर दोगुना काम का बोझ पड़ेगा, जिससे किसी बड़ी औद्योगिक दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
विभागीय अधिकारियों और निदेशक प्रभारी द्वारा ऊपर से आदेश है कहने के बहाने पर तीखा प्रहार करते हुए श्री सिंह ने सवाल किया कि क्या कोई भी आदेश देश के संविधान या 'ठेका श्रम अधिनियम, 1970' से ऊपर हो सकता है? प्रधान नियोक्ता के रूप में ठेका मजदूरों के शोषण के लिए सीधे तौर पर सेल/बोकारो प्रबंधन उत्तरदायी है।
बैठक के अंत में प्रबंधन को कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई कि यदि निम्नलिखित मांगें पूरी नहीं हुईं, तो मजदूर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि अवैध छंटनी के आदेश को तुरंत रद्द किया जाए और निकाले गए सभी मजदूरों को काम पर वापस लिया जाए।
कट-मनी मांगने वाले ठेकेदारों का ठेका रद्द कर उन पर आपराधिक कार्रवाई की जाए।मजदूरों के चयन में वरीयता को मुख्य मापदंड बनाते हुए पूरी तरह पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए।
संघ ने चेताया कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए, तो मजदूर श्रम मंत्रालय और न्यायालय का दरवाजा खटखटाने के साथ-साथ सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक आंदोलन करेंगे।
बैठक को श्री राजेंद्र सिंह के अलावा आर.के. सिंह, शशिभूषण, जुम्मन खान, आनंद कुमार, हरेराम, अमित यादव, टुनटुन सिंह और प्रेम शंकर सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
