नई दिल्ली/रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर झारखंड के कई ज्वलंत एवं महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की और एक ज्ञापन सौंपा।

मुलाकात के दौरान सुदेश महतो ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और वित्तीय अनियमितताओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसकी सीबीआई और ईडी से जांच कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि राज्य में 39 परीक्षाएं जांच के दायरे में हैं, जबकि 6 परीक्षाओं को स्थगित किया गया है।

झारखंड के कुड़मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की पुरानी मांग पर गृह मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया, ताकि समुदाय का सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक विकास हो सके।

उन्होंने राज्य की कुड़माली, कुड़ुख और मुंडारी जैसी स्थानीय भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग रखी। श्री महतो ने खनन प्रभावित क्षेत्रों के परिवारों के कल्याण के लिए राज्य में यह सेस लगाने का सुझाव दिया, जिसकी निगरानी भारत सरकार करे। डीएमएफ फंड के आवंटन एवं उपयोग में हुई कथित धांधली की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की।