रांची। जेपीएससी अभ्यर्थियों और छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज, वाटर कैनन के प्रयोग और बल प्रयोग को लेकर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने सरकार के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि संवाद की मेज पर संवेदना का नाटक करना और सड़क पर युवाओं का दमन करना सरकार के दोहरे चरित्र को पूरी तरह उजागर करता है।
सुदेश महतो ने कहा कि सरकार ने छात्रों से वार्ता के लिए चार मंत्रियों को नामित किया था और मुख्यमंत्री ने भी युवाओं की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया था। इससे उम्मीद जगी थी कि सरकार युवाओं के प्रति गंभीर है। लेकिन विधानसभा घेराव के दौरान कंटीले तारों की बैरिकेडिंग, वाटर कैनन और अंधाधुंध बल प्रयोग ने सरकार की वास्तविक मानसिकता सामने ला दी है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकारी प्रतिनिधि वार्ता कर रहे हों, और ठीक उसी समय छात्रों पर लाठियां भांजी जाएं, तो ऐसी व्यवस्था को संवेदनशील कैसे कहा जा सकता है?
घायल छात्रों से मुलाकात और गांधी प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शनः घटना के बाद सुदेश महतो ने जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचकर घायल एवं आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि कई छात्र अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।किसी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं तो किसी के हाथ-पैर जख्मी हुए हैं। यह केवल शारीरिक चोटें नहीं हैं, बल्कि सरकार की संवेदनहीनता और दमनकारी नीति का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं।
छात्रों से मुलाकात के बाद आजसू पार्टी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष बैठकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। सुदेश महतो ने कहा कि गांधीवादी मूल्यों की धरती पर युवाओं की आवाज को बलपूर्वक दबाना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
सुदेश महतो ने सरकार को आगाह करते हुए कहा कि युवा कोई अपराध नहीं कर रहे; वे न्याय, रोजगार और पारदर्शी व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। झारखंड के युवाओं की आवाज को लाठी के बल पर दबाया नहीं जा सकता।इसे जितना दबाने का प्रयास किया जाएगा, यह उतनी ही मजबूती से उभरेगी। सरकार को दमन का रास्ता छोड़कर तुरंत संवाद और समाधान का मार्ग चुनना चाहिए।
आजसू पार्टी ने सरकार के समक्ष घायल छात्रों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने,छात्रों पर हुई पुलिसिया कार्रवाई और बल प्रयोग की पारदर्शी जांच एवं छात्रों की न्यायोचित मांगों पर तुरंत गंभीर वार्ता कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
इस दौरान पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय प्रमुख प्रवक्ता देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, केंद्रीय सचिव मोहसिन खान, हरीश सिंह, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो, कार्यकारी अध्यक्ष हकीम अंसारी, सल्लू खान, सूरज मिश्रा, बबीता कुमारी, वीणा देवी, ओम वर्मा, बबलू महतो, ऋतुराज शाहदेव, राजेश सिंह, सक्षम झा, अमन साहू, राज दुबे, मुकेश यादव, योगेश, रवि, रौशन और मदन सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
