रांची। झारखंड आंदोलनकारी और पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान हुई मारपीट की घटना पर आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर पोस्ट कर इस घटना की तीव्र भर्त्सना की है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सुदेश महतो ने अपने पोस्ट में इस घटना को अत्यंत दुखद, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय करार देते हुए कहा कि इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने सूर्य सिंह बेसरा के योगदान को याद करते हुए लिखा कि वे झारखंड आंदोलन के उन संघर्षशील योद्धाओं में से हैं, जिन्होंने अलग राज्य के सपने को साकार करने के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। महतो ने यह भी उल्लेख किया कि बेसरा आजसू के प्रथम महासचिव रहे हैं और झारखंड राज्य के निर्माण के लिए उन्होंने अपनी विधायकी तक का त्याग कर दिया था।
आजसू प्रमुख ने शासन-प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि घटना से जुड़े सभी आरोपों की सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
