गुमला/रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड स्थित उरु बारुडीह गांव पहुंचकर दिवंगत आदिवासी महिला नेत्री निशा कुमारी भगत के पैतृक आवास पर उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने निशा भगत के पिता और झारखंड आंदोलनकारी हांदू भगत सहित शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इस दौरे के दौरान उनके साथ पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी और मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत भी मौजूद रहे।
श्री महतो ने कहा कि निशा भगत की मौत की घटना ने पूरे समाज को झकझोर दिया है और यह कोई सामान्य घटना नहीं है। सच्चाई सामने लाने और दोषियों की जवाबदेही तय करने के लिए उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने की पुरजोर मांग की है।
राज्य सरकार और कानून-व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए श्री महतो ने कहा कि राज्य में हेमंत सरकार पूरी तरह दिशाहीन हो चुकी है, जिससे प्रदेश में कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।ऐसा प्रतीत होता है कि शासन-प्रशासन पर से सरकार का नियंत्रण कमजोर हो गया है और अधिकारी-माफिया मिलकर व्यवस्था चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि निशा भगत द्वारा आत्महत्या से ठीक पहले फोन किए जाने के बावजूद संबंधित थाना प्रभारी द्वारा समय पर सक्रियता न दिखाना गंभीर कर्तव्यहीनता है। यह पुलिस-प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है।यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि राज्य सरकार की ओर से इस दुखद घटना पर अब तक कोई संवेदना तक व्यक्त नहीं की गई है।
आजसू प्रमुख ने सरकार से घटना की सीबीआई जांच कराने,इस मामले से जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करने,
जांच में जिसकी भी लापरवाही या भूमिका सामने आए और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह, गुमला जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू, विज्ञान सिंह समेत कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
