तमाड़।रांची जिले के तमाड़ थाना अंतर्गत रंगामाटी क्षेत्र में दीपावली की रात सड़क पर साइड देने के लिए हॉर्न बजाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। इस वारदात में 27 वर्षीय कांगरेश महतो की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। महज छह महीने पहले शादी के बंधन में बंधे कांगरेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है।

​परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार गोमियाकोचा विजयगिरि निवासी कांगरेश महतो रविवार की रात अपने 4-5 रिश्तेदारों के साथ रंगामाटी स्थित वाइन शॉप पहुंचा था। शराब खरीदने के बाद सभी लोग दुकान से कुछ ही दूरी पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सड़क से गुजर रही एक कार के चालक ने रास्ते में खड़े लोगों को साइड देने के लिए हॉर्न बजाया। इसी बात को लेकर कार सवारों और वहां मौजूद युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

​आरोप है कि कार में 5 से 6 लोग सवार थे। सड़क पर खड़े होने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज होने लगी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट की नौबत आ गई। इसी हाथापाई के बीच किसी ने कांगरेश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगते ही कांगरेश लहूलुहान होकर ज़मीन पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफ़रा-तफ़री मच गई।

​घटना के तुरंत बाद रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल कांगरेश को निजी वाहन से अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

​कांगरेश की शादी महज़ छह महीने पहले ही हुई थी। वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी अचानक हुई मौत से पत्नी और माँ पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गाँव में मातम पसरा हुआ है।

​घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं और विवाद में शामिल संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।