रांची: प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी दुर्गा बाड़ी में काली पूजा का आयोजन भव्यता एवं हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से विधि सम्मत एवं नियमानुसार हुआ| रविवार को नित्य पूजा के बाद रात्रि 11:30 बजे से मां काली की पूजा प्रारंभ होकर देर रात लगभग 3:43 बजे तक चली| देर रात पूजा के बाद मां के लिए बलि संप्रदान किया गया|तत्पश्चात मां काली को भोग निवेदन किया गया जिसमें खिचड़ी, 11 तरह की भुजिया, सब्जी, चटनी, तथा खीर, मिठाई एवं फल ,फूल अर्पित किया गया| उसके बाद लगभग एक घंटा महाआरती हुई| इसके उपरांत पुष्पांजलि होने के बाद हवन हुआ और फिर पूजा की समाप्ति के बाद हजारों श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग, सब्जी, चटनी एवं खीर का वितरण हुआ| दुर्गा बाड़ी के सचिव गोपाल भट्टाचार्य ने बताया कि श्री दुर्गा बाड़ी में काली पूजा विगत वर्ष 1928 से निरंतर होती आ रही हैI सभी तरह के अनुष्ठान को पश्चिम बंगाल से आए पुरोहित काशीनाथ भट्टाचार्या एवं उनके सहयोगियों ने सम्पन्न कराया| आयोजक गण में विशेषकर सेतांक सेन, श्यामल रॉय, प्रदीप रॉय, संदीप चौधरी, जयंत कर, देवनाथ गांगुली, रवींद्र बनर्जी,मृणाल घोष, संजय राॅय, अमित राॅय, दिपेंद्र नारायण घोष,नारायण प्रमाणिक,श्रीमंत प्रमाणिक, तरूण सुत्रधर के साथ साथ अनेक लोगों का भी काफी सहयोग रहा।