रांची। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय कांके के लिए सोमवार का दिन बेहद गौरवपूर्ण एवं हर्ष का रहा|विद्यालय के तीन प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन झारखंड की अंडर-14 SGFI (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) फुटबॉल टीम में हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में प्रिंस महली, अंकित कुमार महतो एवं आर्यन कुमार साहू शामिल हैं।
तीनों खिलाड़ी मध्य प्रदेश में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य आनंद प्रकाश मिश्रा एवं विद्यालय के वरीय शिक्षक-शिक्षिकाओं ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं खेल के प्रति समर्पण का यह सुखद परिणाम है।
