रांची। चेन्नई में आयोजित 25वीं जूनियर राष्ट्रीय वुशु (बालक एवं बालिका) चैंपियनशिप में झारखंड के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य को गौरवान्वित किया है। इस प्रतियोगिता में झारखंड के दो खिलाड़ियों लक्ष्मी कुमारी एवं वरुण कुमार चौहान ने कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन जेप्पियार विश्वविद्यालय, कामराज नगर, सेम्मनचेरी, चेन्नई (तमिलनाडु) में किया गया, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में झारखंड वुशु एसोसिएशन के 26 सदस्यीय दल में 15 बालक एवं 11 बालिका खिलाड़ी शामिल थे। झारखंड के खिलाड़ियों ने सांडा, ताओलू एवं कुंग-फू/पारंपरिक स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
झारखंड वुशु एसोसिएशन के पदाधिकारी चंचल भट्टाचार्य ने लक्ष्मी और वरुण की सफलता को खास बताते कहा कि इससे राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
