रांची।झारखंड के भविष्य और विकास को एक नई दिशा देने के उद्देश्य से आगामी 11 नवंबर (बुधवार) को रांची में पेशेवरों (प्रोफेशनल्स) के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस संगोष्ठी का मुख्य लक्ष्य वर्ष 2029 तक झारखंड के लिए एक दूरदर्शी और जन-केंद्रित विकास रोडमैप तैयार करना है।
सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस खास कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी और झारखंड प्रभारी के. राजू विशेष रूप से रांची पहुंच रहे हैं। दोनों वरिष्ठ नेता ‘थिंक 29’ के तहत आयोजित विशेष व्याख्यान और नीति संगोष्ठी में शामिल होंगे।
‘थिंक 29’ के तहत राज्य के कई महत्वपूर्ण मुद्दों और सेक्टरों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा, जिनमें
खनिज संपदा का स्थानीय स्तर पर उपयोग,युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता,कृषि का विकास और किसानों की उन्नति,आदिवासी अधिकार और उनका संरक्षण,महिला सशक्तिकरण
शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और सुशासन पर चर्चा होगी।
ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस का मानना है कि झारखंड की आर्थिक प्रगति में युवाओं, किसानों, महिलाओं, उद्यमियों और पेशेवरों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। यह पहल राज्य को आर्थिक समृद्धि, रोजगार सृजन और समावेशी विकास की ओर ले जाने का एक मजबूत प्रयास है।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य 'प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस' है।'थिंक-2029' के माध्यम से राज्य के प्रोफेशनल्स गंभीर चिंतन करेंगे और एक मजबूत आर्थिक नीति (इकोनॉमिक पॉलिसी) तैयार करेंगे, जिसे पार्टी की ओर से झारखंड सरकार को सुझाव के रूप में सौंपा जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि यूथ एम्पावरमेंट, इंडस्ट्रियल ग्रोथ और एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए ठोस योजनाओं पर चर्चा होगी। इस उच्चस्तरीय मंथन में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों से देश के जाने-माने शोधकर्ता,अर्थशास्त्रीऔर नीति निर्माता रांची पहुंच रहे हैं।
संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा, सीए भुवनेश ठाकुर, करिश्मा जायसवाल, सीए प्रभात अग्रवाल, सिमरन, इशिका शर्मा, अनिल सिंह और गौरव आनंद समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
