बोकारो। जिले के कसमार क्षेत्र के पीएम श्री एसएस प्लस टू हाई स्कूल में सोमवार को डीसी अजय नाथ झा ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें एसआईआर-2026 (विशेष गहन पुनरीक्षण), मतदाता सूची की महत्ता एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व की जानकारी दी।

उपायुक्त ने कहा कि जिन विद्यार्थियों की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। इसको लेकर उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य को संबंधित बीएलओ के समन्वय से विद्यालय परिसर में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र विद्यार्थियों का आवेदन भरवाने का निर्देश दिया। साथ ही, विद्यार्थियों को ईसीआई नेट एप के माध्यम से भी नाम जोड़ने को प्रेरित किया।

संवाद के दौरान डीईओ सह डीसी ने विद्यार्थियों से एसआईआर के संबंध में सवाल पूछे और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने भारत के संविधान एवं गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। बताया कि संविधान हमें अनेक अधिकार प्रदान करता है, वहीं लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान करना हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने विद्यार्थियों से उनके परिवार के सदस्यों के मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की जानकारी भी ली। कहा कि यदि परिवार के किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा किसी कारणवश विलोपित हो गया है, तो संबंधित व्यक्ति अपने बीएलओ या प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों से संपर्क करें। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने अथवा आवश्यक सुधार के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें।

डीईओ सह डीसी ने अपने स्कूली जीवन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने भी सरकारी विद्यालय नेतरहाट विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन एवं नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहें।