गोड्डा। पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के गोड्डा-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर रघुनाथपुर स्थित झींझी पहाड़ मोड़ के पास देर रात मवेशियों से भरी एक अनियंत्रित पिकअप वैन पलट गई। इस दुर्घटना के बाद अवैध पशु परिवहन का मामला सामने आया है। फिलहाल पुलिस वाहन में लदे मवेशियों के कागजात और उनकी परिवहन वैधता की गहराई से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वैन में बड़ी संख्या में मवेशियों को ठूंसकर गोड्डा के रास्ते दुमका होते हुए पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रघुनाथपुर के पास चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे पिकअप वैन सड़क पर ही पलट गई। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे।
दुर्घटना के तुरंत बाद पिकअप का चालक और उसमें सवार अन्य लोग अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। इससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर जुटे ग्रामीणों के बीच वाहन में लदे मवेशियों को अपने कब्जे में लेने की होड़ मच गई। देखते ही देखते ग्रामीण वाहन में फंसे बचे हुए मवेशियों और अन्य सामानों को अपने साथ ले गए।
पुलिस फरार वाहन चालकों की पहचान करने और इस अवैध परिवहन नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
