मेदिनीनगर। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा के दौरान मेदिनीनगर के सदर अनुमंडल क्षेत्र स्थित पाटन प्रखंड के आर के मध्य विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। परीक्षा शुरू होने और प्रश्नपत्र बंटने के कुछ ही मिनटों बाद एक परीक्षार्थी उत्तरपुस्तिका और प्रश्नपत्र लेकर केंद्र से भागने की कोशिश करने लगा।
ड्यूटी पर तैनात शिक्षक और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की नजर उस पर पड़ी तो उसे रोककर पूछताछ की गई। उसके हड़बड़ाने और सकपकाने पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से प्रश्नपत्र बरामद हुआ।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुशील कुमार पाठक बताया, जो गढ़वा जिले के पाचाडूमर गांव का रहने वाला है तथा पेशे से पारा शिक्षक है। वह गढ़वा से परीक्षा देने पाटन आया था।
परीक्षा समाप्त होने के बाद रविवार की देर रात प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के आवेदन के आधार पर पाटन थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि दंडाधिकारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पारा शिक्षक को जेल भेजा जा रहा है। साथ ही घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। उन्होंने इस घटना को एक अत्यंत गंभीर मामला बताया है।
