रांची। स्वास्थ्य विभाग ने रिम्स के प्रभारी निदेशक डॉ दिपेंद्र कुमार सिन्हा को अगले 6 माह के लिए अवधि विस्तार दिया है। इस संबंध में सोमवार को विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गयी है। इसमें कहा गया है कि सर्जरी विभाग के प्राध्यापक को इस वर्ष 25 जून को कार्यकारी व्यवस्था के अंतर्गत अगले आदेश तक रिम्स के निदेशक का प्रभार सौंपा गया है। विभाग के मुताबिक, रिम्स राज्य का अहम मेडिकल शैक्षणिक संस्थान है। ऐसे में इसके निदेशक पद के रिक्त रहने से प्रशासनिक, वित्तीय और शैक्षणिक कार्यों के निर्बाध संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इस कारण रिम्स शासी परिषद की 66वीं बैठक में डॉ दिपेंद्र कुमार सिन्हा (प्रभारी निदेशक, रिम्स) को अगले 6 माह के लिए सेवा अवधि विस्तार दिये जाने का फैसला लिया गया है। हालांकि राज्य सरकार लोकहित में इस व्यवस्था को किसी भी समय समाप्त कर सकेगी।