हजारीबाग। शहर में चोरों के बढ़ते आतंक ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ चोरों ने एक साथ सात फुटपाथ दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकानों की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और कीमती सामान व नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो छत कटी हुई और सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। एक साथ सात दुकानों में चोरी की घटना सामने आने से इलाके के दुकानदारों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना ने शहर की रात्रि सुरक्षा और पुलिस गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदारों का कहना है कि अगर चोर इतने बेखौफ होकर लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं तो आम लोगों की संपत्ति कितनी सुरक्षित है? दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने, चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है।
जिला
ब्रेकिंग
