हजारीबाग। शहर के उपकार होटल में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान हुई गोलीबारी में करियातपुर निवासी विजय प्रसाद कसेरा (मूल निवासी परेव, पटना) के पुत्र राहुल कुमार उर्फ अर्णव कुमार उर्फ बिट्टू (उम्र करीब 23 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, उसके साथ आए दोस्त अंकित कुमार (उम्र करीब 22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार राहुल बचपन से ही अपनी मां बीना देवी के साथ बाबा पथ निवासी राजेंद्र प्रसाद के घर में रहता था और हजारीबाग प्रधान डाकघर में कैजुअल कर्मी के रूप में कार्यरत था। राहुल के दोस्त की बहन की शादी थी, जिसके चलते वह समारोह में आमंत्रित था।

बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। बाबा पथ हुरहुरु निवासी शिव कुमार उपाध्याय की बेटी की शादी उपकार होटल में हो रही थी। सिमरिया से बारात होटल पहुंच चुकी थी और खान-पान का दौर चल रहा था। विवाह समारोह की चहल-पहल के बीच अचानक राहुल की बारातियों के साथ कहासुनी और मारपीट हो गई। इसी दौरान भीड़ में कई राउंड फायरिंग की गई।

गोली सीधे राहुल के पेट में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं, मारपीट या हमले में दोस्त अंकित कुमार को सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल, हजारीबाग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अंकित को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद राहुल का शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में राहुल के भाई रौशन कुमार ने सदर थाना, हजारीबाग में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। इस घटना के बाद करियातपुर गांव में मातम पसर गया है और मां बीना देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।