​रांची। राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य अपने अंतिम चरण में है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को 'जीरो पेंडेंसी' (शून्य लंबित मामले) के लक्ष्य के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कर मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है।

​बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक करते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विधानसभा क्षेत्रवार लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की।

​मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अपने निर्देश में कहा कि जिन मामलों का निष्पादन अब तक नहीं हो पाया है, उनका नियमानुसार गहन निरीक्षण किया जाए। आवश्यक दस्तावेजों और तथ्यों के सत्यापन के बाद संबंधित मतदाताओं को सुनवाई का अवसर देते हुए अंतिम निर्णय लिया जाए।

​ ड्राफ्ट रोल प्रकाशन के बाद प्रतिदिन प्राप्त हो रहे आवेदनों को उसी दिन 'ECINET' पर अपडेट करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही मतदान केंद्रों का नजरी नक्शा, फोटो और जियो टैगिंग का कार्य भी शीघ्र पूरा करें।

जिन मतदान केंद्र क्षेत्रों में नए मतदाताओं के नामांकन के लिए कम आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, वहां सुपरचेकिंग के दौरान 'होम-टू-रोल वेरिफिकेशन' की गहन समीक्षा की जाए। भौतिक सत्यापन के क्रम में पदाधिकारी लगातार कम से कम 5 घरों में जाकर यह जांचें कि वहां के सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल है या नहीं।

​बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित थे।