बोकारो। करीब 15 वर्षों से बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे लगभग 400 गृह रक्षकों के सामने रोजगार छिनने की आशंका खड़ी हो गई है। सुरक्षा कार्यों में निजी एजेंसी के माध्यम से कर्मियों की तैनाती की चर्चा ने इन जवानों और उनके परिवारों की चिंता बढ़ा दी है, जिनकी आजीविका इसी ड्यूटी पर निर्भर है।

इस मामले को लेकर झारखंड होम गार्ड वेलफेयर एसोसिएशन की बोकारो जिला शाखा ने बीएसएल प्रबंधन को पत्र सौंपा है और गृह रक्षकों को हटाने की संभावित व्यवस्था पर रोक लगाने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि वर्षों से सेवा दे रहे जवानों को अचानक काम से अलग करना उनके परिवारों के लिए गंभीर आर्थिक संकट पैदा कर सकता है।

एसोसिएशन के अनुसार वर्ष 2010 से करीब 400 गृह रक्षक बीएसएल के विभिन्न संस्थानों और क्षेत्रों में तैनात हैं। जवानों ने बोकारो जनरल अस्पताल, हेल्थ सेंटर, बायोलॉजिकल पार्क, नगर सेवा भवन, अतिक्रमण निरोधक अभियान, मोबाइल गार्ड और नगर क्षेत्र के अन्य स्थानों पर सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली है। इसके अलावा प्लांट के संवेदनशील इलाकों, स्लैग डंप एरिया और ऐश पॉन्ड में विधि-व्यवस्था बनाए रखने व विपरीत परिस्थितियों से निपटने में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

जवानों का कहना है कि वे केवल अधिकारियों के निर्देशानुसार काम करते हैं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े नीतिगत निर्णय लेना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। ऐसे में निजी सुरक्षा एजेंसी के कर्मियों को लाकर उन्हें हटाया जाना अनुचित होगा।

एसोसिएशन ने सवाल उठाया कि जब बोकारो जिले में लगभग 1800 गृह रक्षक मौजूद हैं और क्षेत्र में बेरोजगारी व पलायन जैसी समस्याएं गंभीर हैं, तो स्थानीय जवानों के रोजगार पर संकट क्यों खड़ा किया जा रहा है। संगठन ने स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग करते हुए कहा कि प्रबंधन को गृह रक्षकों की सेवाओं और अनुभव का लाभ आगे भी लेना चाहिए।

महिला गृह रक्षकों ने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि उन्होंने ड्यूटी के दौरान चोट लगने जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाई। ऐसे में उनके संघर्ष, सेवा और कार्य के दौरान उठाए गए जोखिमों को अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।

एसोसिएशन ने प्रबंधन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए गृह रक्षकों की सेवाएं जारी रखने की अपील की है। संगठन का कहना है कि यह सिर्फ 400 जवानों की नौकरी का विषय नहीं है, बल्कि उनके परिवारों के भविष्य और संस्थान की सुरक्षा में वर्षों से दिए गए योगदान के सम्मान से जुड़ा प्रश्न है।

इस दौरान जिला अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार डोकी, सचिव संजय कुमार सिंह, सलाहकार वर्षकार पांडे, कुमार राजेश, विजय प्रसाद कुमार सिंह, शंकर कुमार, हेमंत कुमार, सन्नी कुमार, हरनंद प्रसाद, संदीप कुमार यादव, दीपक कुमार, मुकेश कुमार सिंह, सादिक कुमार सिंह, विजय कुमार, समान प्रसाद सिंह और तार अहमद सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।