खूंटी। जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ खूंटी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मंगल सिंह जामूदा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान करीब पांच एकड़ जमीन पर लगी अवैध अफीम की फसल को नष्ट किया गया।
अभियान के तहत मारंगहादा थाना क्षेत्र के उतड़ुंग गांव के पूर्वी हिस्से में लगभग 4.5 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की गई अफीम की खेती को विनष्ट किया गया। इस दौरान पुलिस ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध इलाकों की भी निगरानी कर रही है। ड्रोन से मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित क्षेत्र के कुछ अन्य स्थानों पर भी अफीम की खेती के लिए खेत तैयार किए गए हैं, हालांकि वहां अभी पौधे नहीं उगे हैं। पुलिस इन स्थलों पर लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि समय रहते अवैध खेती को रोका जा सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध अफीम की खेती में शामिल लोगों की पहचान और सत्यापन कर ठोस साक्ष्यों के आधार पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अफीम की खेती से दूर रहने और इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और अफीम की खेती पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
