​रांची। रांची जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बुधवार को अभियान की शुरुआत की। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने मोरहाबादी मैदान से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

​ये वाहन जिले के विभिन्न इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को अफीम की खेती के सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय नुकसान तथा कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे। प्रशासन ने बताया कि अफीम की खेती करना या इसके लिए जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है, जिसमें कड़ी सजा, जुर्माने के साथ अवैध कमाई और संपत्ति जब्त करने तक की कार्रवाई हो सकती है।

​अभियान के तहत जमीन की उर्वरता घटने, जल स्रोतों के दूषित होने और नशे से युवा पीढ़ी व समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों व आरोप पत्रित व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, जबकि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस मौके पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय और डीएसपी मुख्यालय-1 अमर पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।