रांची। महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए रांची नगर निगम ने नागा बाबा सब्जी बाजार में बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण इकाई स्थापित की है। बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने इकाई का निरीक्षण कर संचालन तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यरत समूह की 15 महिलाओं से संवाद कर प्रशिक्षण, निर्माण प्रक्रिया और बिक्री योजनाओं की जानकारी ली। नगर आयुक्त ने कहा कि उत्पादन से लेकर विपणन तक की जिम्मेदारी संभालने से महिलाओं में उद्यमिता का विकास होगा।
40 किलोग्राम प्रति घंटे की क्षमता वाली इस इकाई के माध्यम से दुकानदारों और आम नागरिकों को प्लास्टिक के विकल्प के रूप में इको-फ्रेंडली बैग उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता और प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मौके पर कार्यपालक अभियंता, नगर अभियान प्रबंधक व अन्य निगम कर्मी मौजूद रहे।
