सरायकेला। आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव और ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से दो बार प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को भेजा है। त्यागपत्र चांडिल स्थित उनके कार्यालय से जारी किया गया है।
त्यापत्र में उन्होंने लिखा है कि आजसू पार्टी के साथ मेरा जुड़ाव मेरे लिए सदैव सम्मान और गौरव का विषय रहा है। पार्टी नेतृत्व ने मुझ पर विश्वास जताते हुए वर्ष 2019 और 2024 के विधानसभा चुनाव में ईचागढ़ से चुनाव लड़ने का अवसर दिया। साथ ही विभिन्न विधानसभा उपचुनावों में प्रभारी और सह-प्रभारी के रूप में संगठनात्मक दायित्व भी दिया। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व का हृदय से आभार। उन्होंने आगे लिखा है कि वर्तमान परिस्थितियों में वे प्राथमिक सदस्यता और पद से त्यागपत्र दे रहे हैं, लेकिन उनके हृदय में आजसू पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं के प्रति सम्मान सदैव बना रहेगा। पार्टी से मिले अनुभव, सम्मान और मार्गदर्शन को वे भविष्य में भी जनहित और राज्यहित में उपयोग करने का प्रयास करेंगे।
हरेलाल महतो ईचागढ़ क्षेत्र के कद्दावर कुड़मी नेता माने जाते हैं। 2019 और 2024 दोनों चुनाव में वे आजसू के टिकट पर ईचागढ़ से लड़े थे। अचानक उनके इस्तीफे से ईचागढ़ की सियासत में चर्चाओं का बाजार गर्म है। राजनीतिक गलियारों में उनके अगले कदम को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
