​बोकारो/नई दिल्ली। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) और बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) सहित अन्य संयंत्रों के हजारों कर्मचारियों के लिए बकाया वेतन (एरियर) के भुगतान को लेकर एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। नई दिल्ली में आयोजित नेशनल ज्वाइंट कमेटी फॉर स्टील इंडस्ट्री (एनजेसीएस) की सब-कमेटी की बहुप्रतीक्षित बैठक बिना किसी ठोस निर्णय के बेनतीजा समाप्त हो गई। प्रबंधन के एरियर भुगतान से दो-टूक इनकार करने के बाद कर्मचारियों और श्रमिक संगठनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

​बैठक के दौरान सेल प्रबंधन की ओर से स्पष्ट शब्दों में कहा गया कि कंपनी बकाया एरियर का भुगतान नहीं कर सकती है। प्रबंधन ने यह भी दलील दी कि इस संबंध में केंद्रीय मुख्य श्रमायुक्त (सीएलसी) को पहले ही लिखित रूप से जानकारी दी जा चुकी है, इसलिए अब सब-कमेटी की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा का कोई औचित्य नहीं है। इसके बजाय प्रबंधन ने हाउस रेंट अलाउंस (एचआरए) के विषय पर चर्चा शुरू करने का प्रस्ताव रखा, जिसे यूनियनों ने सिरे से खारिज कर दिया।

​प्रबंधन के इस रुख पर बैठक में मौजूद पांचों केंद्रीय ट्रेड यूनियनों—इंटक, बीएमएस, एटक, सीटू और एचएमएस के प्रतिनिधियों ने कड़ी नाराजगी जताई।

​यूनियन नेताओं ने प्रबंधन को आड़े हाथों लेते हुए सवाल उठाया कि यदि प्रबंधन को एरियर का भुगतान करना ही नहीं था, तो पिछले पांच वर्षों से इसे स्पष्ट क्यों नहीं किया गया? लंबे इंतजार के बाद इस तरह की बैठक बुलाने का क्या औचित्य रह गया है? गतिरोध बढ़ने पर यूनियन प्रतिनिधियों ने कार्यवाही (मिनट्स ऑफ मीटिंग) में प्रबंधन के इस इनकार को दर्ज कराने का दबाव बनाया और मांग की कि अब सब-कमेटी के बजाय फुल एनजेसीएस की बैठक बुलाई जाए, ताकि प्रबंधन आधिकारिक रूप से कर्मचारियों को बता सके कि एरियर नहीं दिया जाएगा।

​बैठक में भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के कार्यपालक निदेशक (एचआर) पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (वित्त) प्रवीण निगम व कॉरपोरेट ऑफिस के मुख्य महाप्रबंधक (एचआर) संजीव गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी,इंटक से हरजीत सिंह, बीएमएस से हिमांशु शेखर बल, एटक से डी. आदिनारायण, एचएमएस से राजेंद्र सिंह और सीटू से बिश्वरूप बनर्जी उपस्थित रहे।

​सेल के तत्कालीन अध्यक्ष अमरेंद्र प्रकाश द्वारा पूर्व में भी यह स्पष्ट किया जा चुका था कि एरियर भुगतान को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ है और न ही भुगतान किया जाएगा। इसके बावजूद, इस बात को लेकर कर्मचारियों के एक वर्ग में यह चर्चा भी है कि लंबे समय तक इस मुद्दे पर असमंजस की स्थिति बनी रही।

​बहरहाल, बैठक विफल होने के बाद बोकारो स्टील प्लांट समेत सेल के तमाम इस्पात संयंत्रों के कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है। सभी प्रमुख श्रमिक संगठनों ने कड़ा रुख अपनाते हुए "एरियर नहीं तो एग्रीमेंट नहीं" का नारा बुलंद कर दिया है। जानकारों का मानना है कि यदि जल्द ही इस पर कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकाला गया, तो सेल के विभिन्न संयंत्रों में औद्योगिक अशांति बढ़ सकती है और आंदोलन की रूपरेखा तैयार हो सकती है।