बोकारो। खुशियां बांटने और दूसरों के जीवन में मुस्कान लाने के संदेश के साथ रोटरी क्लब ऑफ बोकारो स्टील सिटी ने दीपावली के अवसर पर अपने गोद लिए हुए गांव उलगोरा तथा चास स्थित एक वृद्धाश्रम में विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन किया।

इस अवसर पर उलगोरा स्थित गोद लिए गए विद्यालय के 140 बच्चों को रंग भरने की किताबें, क्रेयॉन और खाद्य सामग्री के पैकेट वितरित किए गए। इससे बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। विद्यालय की सभी छह शिक्षिकाओं को शॉल भेंट किए गए। वहीं मोहन सर, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. पी.सी. महतो तथा साधु जी को दोहर भेंट किए गए। इस पूरे कार्यक्रम का सौजन्य पीपी डॉ. रोटेरियन अनिल त्रेहान ने किया।

दीपावली की खुशियों को और बढ़ाते हुए पीपी रोटेरियन अशोक टनेजा ने उलगोरा विद्यालय की महिला शिक्षिकाओं को साड़ियां तथा अन्य कर्मचारियों को शर्ट भेंट किए।

क्लब ने अपने पांच सहयोगी कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए प्रत्येक को राशन सामग्री तथा ₹1,000 नकद दीपावली उपहार के रूप में प्रदान किए।

इसी क्रम में सेवा और संवेदना का एक और सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए पीपी रोटेरियन प्रदीप सिंह एवं रोटेरियन मीनू सिंह ने चास स्थित एक वृद्धाश्रम के 15 बुजुर्ग निवासियों के बीच कंबल, बेडशीट, तकिए, मिठाई के पैकेट एवं फल वितरित किए। इस पहल से बुजुर्गों के बीच भी दीपावली की खुशियां और उत्साह देखने को मिला।

इन सभी सेवा कार्यों के माध्यम से रोटरी क्लब ऑफ बोकारो स्टील सिटी ने जरूरतमंद बच्चों, शिक्षकों, सहयोगी कर्मचारियों तथा बुजुर्गों के बीच खुशियां बांटने का प्रयास किया।

क्लब "Create Lasting Impact (स्थायी सकारात्मक प्रभाव पैदा करें)" के ध्येय के साथ निरंतर समाज सेवा के कार्यों में जुटा है। क्लब का मानना है कि त्योहारों की वास्तविक खुशी दूसरों के साथ खुशियां बांटने, उनकी देखभाल करने और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में है।

रोटरी परिवार की ओर से सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलमय भविष्य की कामना!